मेवात के युवा सिविल सेवाओं में आगे बढ़ें, सपनों को सीमित न रखें: आमीन खान
फ्राइडे संवाद. केथवाड़ा (डीग)। एचकेजेड आईएएस- आरएएस इंस्टिट्यूट, जयपुर के निदेशक आमीन खान ने मेवात क्षेत्र के केथवाड़ा में आयोजित सिविल सर्विसेज सेमिनार में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को आईएएस- आरएएस सहित अन्य सिविल सेवाओं की तैयारी के लिए लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन, निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन का महत्व समझाया। आमीन खान ने युवाओं एवं अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के सपनों को सीमित न रखें, बल्कि उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि मेवात में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल बेहतर शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि मेवात के अधिक से अधिक युवाओं को सिविल सेवाओं की तैयारी के लिए प्रेरित कर प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।