डी.एच.पी. फाउंडेशन, सिलिकॉन ओएसिस दुबई की ओर से कुरैशी महासभा के हॉस्टल-सीकर के लिए जमीन खरीदने में समाज का साथ देने का फैसला
फ्राइडे संवाद. दुबई | डी.एच.पी. फाउंडेशन, सिलिकॉन ओएसिस दुबई की ओर से कुरैशी महासभा संस्थान हॉस्टल-सीकर के लिए जमीन खरीदने में समाज का साथ देने का बड़ा फैसला लिया गया है। फाउंडेशन ने बताया कि संस्थान के जनरल सेक्रेट्री साजिद सुलेमानी और कोषाध्यक्ष मुस्तफा कुरैशी को हॉस्टल के लिए जमीन खरीदने हेतु एक करोड़ रुपए देने तथा असद बिन फरहत दाऊद पीनारा गेट के निर्माण की जिम्मेदारी लेकर इस नेक कार्य में समाज के साथ हिस्सेदारी निभाने का दृढ़ संकल्प लिया गया है।
इस कार्य की निगरानी के लिए फाउंडेशन ने चार सदस्यीय कमेटी गठित की है, जो जमीन खरीदने से लेकर निर्माण कार्य पूरा होने तक सहयोग करेगी। कमेटी में फतेहपुर से रब्बानी सोलंकी तथा दुबई से अब्दुल बासित सोलंकी, यासीन आसिफ कुरैशी और आदिल दाऊद पीनारा शामिल हैं।
फाउंडेशन ने अपील की है कि हॉस्टल के लिए उपयुक्त स्ट्रैटजिक लोकेशन वाली जमीन जल्द से जल्द खरीदी जाए। जनरल सेक्रेट्री साजिद सुलेमानी के अनुमान के मुताबिक हॉस्टल के लिए कम से कम पांच बीघा जमीन चाहिए, जिसकी कीमत करीब पांच से छह करोड़ रुपए होगी। इसमें एक करोड़ रुपए डी.एच.पी. फाउंडेशन देगी, जबकि शेष राशि के लिए समाज के अन्य भामाशाहों से सहयोग की अपील की गई है। फाउंडेशन ने सुझाव दिया है कि सभी भामाशाहों के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाए, जिसमें फाउंडेशन के प्रतिनिधि वर्चुअली शामिल होकर राशि जुटाने की समयसीमा तय करेंगे, ताकि जमीन का सौदा बिना देरी के पूरा हो सके।
फाउंडेशन के संस्थापक दाऊद हनीफ पीनारा ने कहा कि यह एक चुनौतीपूर्ण और ऐतिहासिक कार्य है, जिसके लिए समर्पित लोगों के आर्थिक सहयोग की जरूरत है। उन्होंने कुरैशी समाज के हर व्यक्ति, संगठन और इदारे से इस मुहिम में भागीदारी निभाने की अपील की है।