छात्र नेता शुभम रेवाड़ को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जबरदस्ती पानी पिलाया
फ्राइडे संवाद. जयपुर | राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर आमरण अनशन कर रहे छात्र नेता शुभम रेवाड़ को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जबरदस्ती पानी पिलाया। शुभम रेवाड़ 14 दिन से आमरण अनशन कर रहे थे। छात्र नेता शुभम एसएमएस अस्पताल में भर्ती हैं। शुभम से मिलने बुधवार को गहलोत मिलने पहुंचे। गहलोत ने अनशन कर रहे शुभम रेवाड़ की बिगड़ती तबीयत पर चिंता जताई। इस दौरान गहलोत ने छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग का समर्थन करते हुए राज्य सरकार से जल्द निर्णय लेने की अपील की। गहलोत ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव बहाल करना छात्रों की पूरी तरह जायज मांग है। सरकार को इसे अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखना चाहिए। उन्होंने कहा-छात्र राजनीति लोकतंत्र की पहली पाठशाला होती है और देश के अनेक बड़े नेता छात्रसंघ चुनावों से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति तक पहुंचे हैं।