पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की बैठक
फ्राइडे संवाद. जयपुर। आगामी पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वॉर रूम में कैंपेन कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठन को मजबूत करने तथा आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने अपने सुझाव रखे। बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ ही चुनावों में संगठन की भूमिका और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। कांग्रेस नेताओं ने नगर निकाय चुनावों के दौरान भाजपा पर सत्ता एवं सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि आगामी पंचायती राज चुनावों में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संगठन को एकजुट होकर रणनीतिक तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरने पर जोर दिया गया।
बैठक में राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, वरिष्ठ नेता सचिन पायलट सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एम.डी. चोपदार ने उन्हें कैंपेन कमेटी का सदस्य बनाए जाने पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों में पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ जनता के बीच जाएगी।