मुहम्मद फारूख पहाडियान | जयपुर
“उनका जो काम है वो अहले सियासत जानें,
अपना पैग़ाम मुहब्बत है जहाँ तक पहुँचे।” यह कहना था ऑल इंडिया कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी का। वे सोमवार को बिड़ला ऑडिटोरियम, जयपुर में आयोजित “पैगाम-ए-मोहब्बत – सद्भावना सम्मेलन” में पहुंचे। कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) द्वारा किया गया। अपने संबोधन में इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि आपसी मतभेद बातचीत से सुलझाए जा सकते हैं, लेकिन बाहर से नफरत फैलाने वालों के खिलाफ सभी को एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि आज देश में अल्पसंख्यक समुदाय सबसे ज्यादा असुरक्षा और भेदभाव का सामना कर रहा है। उन्होंने मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध और पारसी समुदायों की सुरक्षा और सम्मान की बात उठाई। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक लगभग चार हजार किलोमीटर की पदयात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह “नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान” खोलने का संदेश था। उन्होंने कहा कि अधिकारों की लड़ाई जरूरी है, लेकिन एकता उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। कांग्रेस के ऐतिहासिक योगदान का जिक्र करते हुए उन्होंने कई दिग्गज नेताओं का उदाहरण भी दिया। कार्यक्रम में उन्होंने शेर पढ़ा—“कभी-कभी एक टूटी हुई कश्ती भी जब बगावत पर उतर आती है, तो बड़े-बड़े तूफानों को झुकने पर मजबूर कर देती है।”
देश में हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब रही: गोविन्द सिंह डोटासरा
इस अवसर पर पीसीसी अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि भारत का संविधान, जिसे डॉ. भीमराव आंबेडकर ने बनाया, धर्मनिरपेक्षता की भावना पर आधारित है। देश में हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब रही है, जहां हिंदू और मुसलमान मिल-जुलकर रहते आए हैं। उन्होंने कहा कि समाज में नफरत फैलाने का षड्यंत्र किया जा रहा है, जो गलत है। विधायक का कर्तव्य है कि वह सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखे, विकास को बढ़ावा दे और जनकल्याण के मुद्दों को सरकार तक पहुंचाए। अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष एम.डी. चोपदार ने कहा कि हाल ही में जयपुर में हुई एक घटना के दौरान अमीन कागजी ने समय रहते व्यवस्था संभालकर बड़ी अनहोनी को टाल दिया, जिसके लिए उनका आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि देश में नफरत का माहौल बनाया जा रहा है, जिसका असर समाज पर पड़ रहा है। चोपदार ने महाराष्ट्र में एक मुस्लिम बच्चे के साथ हुई मारपीट की घटना पर भी चिंता जताई।
कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए गहराइयों से आभार: एम.डी. चोपदार
उन्होंने “पैगाम-ए-मोहब्बत” का संदेश देते हुए कहा कि “मोहम्मद” का अर्थ ही मोहब्बत है और सभी धर्मों को मिल-जुलकर रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विचारों और मिशन को आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम में सुखजिंदर सिंह रंधावा, सी. पी. जोशी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, विधायकगण, पूर्व विधायकगण, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में एम.डी. चोपदार ने कहा कि आप सभी के सहयोग और सहभागिता से कौमी एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचा है।
