अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत
फ्राइडे संवाद. प्रयागराज | यूपी के बाहुबली नेता रहे अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान (21) की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह गुरुवार सुबह प्रयागराज से झांसी जेल में बंद बड़े भाई अली से मिलने जा रहा था। क्रेटा कार में अबान के साथ उसके 4 दोस्त थे। झांसी से 70 किमी पहले सुबह 10.30 बजे पूंछ थाना इलाके में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। अबान समेत सभी 5 लोग अंदर फंस गए। चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस और राहगीरों ने जैसे-तैसे दरवाज तोड़कर सभी को बाहर निकाला। आगे की सीट पर बैठे अबान और कार चला रहे सोनू की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाकी 3 घायलों उमर अहमद, मोहम्मद जैद और असलम को जिला अस्पताल भिजवाया। अतीक अहमद के 5 बेटे थे। अबान सबसे छोटा था। एक बेटा असद 2023 में झांसी में ही पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था। अब तीन बेटे हैं, इसमें बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल, दूसरा अली झांसी जेल में बंद है। जबकि अबान से बड़ा अहजम अभी ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा है।
प्रयागराज में फरवरी 2023 को वकील उमेश पाल की हत्या की गई थी। इस मामले में गुजरात जेल में बंद अतीक और बरेली जेल से उसके भाई अशरफ को प्रयागराज पेशी में लाया गया था। वहां 15 अप्रैल 2023 को अतीक और अशरफ की पुलिस कस्टडी में हत्या कर दी गई थी। अतीक की पत्नी शाइस्ता अभी फरार है। उस पर एक लाख का इनाम है।